
सदर पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई, जेआरके नहर पुलिया के पास दबोचे गए आरोपी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने 17.7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार सदर थाना के उप निरीक्षक रमेश चन्द्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम शुक्रवार रात्रि को थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान हनुमानगढ़-जण्डावाली रोड पर रोही जण्डावाली स्थित जेआरके नहर की पुलिया के पास मोटर साइकिल सवार दो युवकों की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी इश्पाक हुसैन (36) पुत्र अयूब मोहम्मद निवासी वार्ड नम्बर 1, चक 3 जेडीडब्ल्यू, जण्डावाली तथा असरफ खान (27) पुत्र शकूर खान निवासी वार्ड नम्बर 17, जण्डावाली के कब्जे से 17.7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसडब्ल्यू 9873 भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों से बरामद चिट्टे के स्रोत, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क तथा अन्य संभावित तस्करों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
