
गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में गुरमत समागम आयोजित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में शनिवार को पंचम पातशाह गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस को समर्पित गुरमत समागम का आयोजन किया गया। समागम में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लेकर गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात:काल पिछले 40 दिनों से निरंतर चल रहे श्री सुखमणी साहिब पाठों के भोग से हुई। इन पाठों का आयोजन क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना को लेकर किया गया था। महिलाओं के जत्थों की ओर से प्रतिदिन पाठ सेवा निभाई जा रही थी, जिसका शनिवार को विधिवत समापन हुआ। इसके बाद आयोजित गुरमत समागम में रागी ज्ञानी गुरप्रीत सिंह खालसा तथा हजूरी रागी जत्था जसवंत सिंह और जोगेन्द्र सिंह ने गुरबाणी के शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। रागी जत्थों ने गुरु अर्जुन देव जी के अद्वितीय बलिदान, धैर्य, सहनशीलता और मानवता के प्रति उनके संदेश पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके आदर्शांे को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान रणजीत सिंह बराड़ ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। समिति के संरक्षक जरनैल सिंह एवं मास्टर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि पिछले चालीस दिनों से संगत, विशेष रूप से महिलाओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पाठ सेवा निभाई। उन्होंने इसे क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताया। समागम के समापन पर संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए ठंडे मीठे जल की छबील भी लगाई गई। आयोजन की विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छबील और लंगर सेवा में डिस्पोजल सामग्री का उपयोग पूरी तरह निषेध रखा गया। इससे संगत को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
