
बार संघ के अधिवक्ताओं ने गृह मंत्री के नाम जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) बार संघ के अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए शनिवार को भारत सरकार के गृह मंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने सांसद की सुरक्षा का पुनर्मूल्यांकन कर उन्हें पर्याप्त एवं उच्च स्तरीय सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की। बार संघ के पूर्व सचिव प्रकाश रोझ ने बताया कि सांसद हनुमान बेनीवाल किसान, युवा और आमजन से जुड़े मुद्दों को लगातार सडक़ से लेकर संसद तक प्रमुखता से उठाते रहे हैं। जनहित के विषयों पर उनकी सक्रियता के कारण उन्हें विभिन्न असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों से संभावित खतरा बना रहने की आशंका है। ऐसे में उनकी सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी गंभीर चिंता का विषय है। अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सांसद बेनीवाल जनहित के मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखते हैं, इसलिए संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने केन्द्र एवं राज्य सरकार से मांग की कि सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा का पुनर्मूल्यांकन कर उन्हें उपयुक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे निर्भीक होकर जनसेवा और अपने लोकतांत्रिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इस दौरान राजेन्द्र बेनीवाल, रामकुमार कस्वां, जयपाल झोरड़, मोहित भांभू, जेपी बेनीवाल, गगनदीप बेनीवाल, मदन मूंड, सुरेन्द्र सहारण, राजीव चौधरी, मनोज झोरड़, रवि गोदारा, संदीप डाल सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने सांसद की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
