
एसपी ने रात्रिकालीन नाकाबंदी व पुलिस चौकियों का किया औचक निरीक्षण
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शुक्रवार देर रात संगरिया थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संगरिया थाना क्षेत्र में की जा रही रात्रिकालीन नाकाबंदी, मालारामपुरा पुलिस चौकी, ढाबां पुलिस चौकी तथा संगरिया पुलिस थाना की सुरक्षा व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। निरीक्षण के दौरान एसपी ने नाकाबंदी पर तैनात अधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिए कि रात्रि के समय आने-जाने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए नाकाबंदी को प्रभावी बनाना आवश्यक है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाए। मालारामपुरा पुलिस चौकी एवं ढाबां पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकियों के रिकॉर्ड, लंबित मामलों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और अपराधों पर नियंत्रण रखा जा सके। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण एसपी ने अवैध मादक पदार्थांे की तस्करी तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सूचना तंत्र (इंटेलिजेंस नेटवर्क) को मजबूत करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और सुरक्षा उपकरणों के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सजगता ही अपराध नियंत्रण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि के समय पुलिस चौकियों, थानों और नाकाबंदी स्थलों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति और मुस्तैदी से अपराधियों में भय तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत होता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले में गंभीरता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
