
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई, पूछताछ में चोरी की कई वारदातें स्वीकारीं
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नोहर थाना पुलिस ने होटल से नकदी और मोबाइल फोन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने पूछताछ के दौरान नोहर, रावतसर, पल्लू, सिद्धमुख, चूरू और सरदारशहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि 16 जून को वार्ड नम्बर 3, खोपड़ा निवासी रामकिशन (54) पुत्र ठाकरराम जाट ने नोहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपने पुत्र अनिल के साथ गांव खोपड़ा के पास जाट होटल का संचालन करता है तथा होटल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। 31 मई की अल सुबह करीब 4 से 4.15 बजे के बीच वह होटल के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान आहट होने पर उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि एक व्यक्ति मुंह पर साफा बांधे लोहे की रॉड लेकर उसकी चारपाई के पास खड़ा था, जबकि दूसरा व्यक्ति होटल के भीतर से गल्ला लेकर बाहर निकल रहा था। शोर मचाने पर दोनों आरोपी एक-दूसरे को बाज और फल्लू नाम से पुकारते हुए भाग निकले। शोर सुनकर उसका पुत्र अनिल और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे तथा आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे होटल के सामने खड़ी एक स्विफ्ट कार में बैठकर साहवा की तरफ फरार हो गए। कार में एक अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद था। पीडि़त के अनुसार होटल के गल्ले में रखी नकदी के अलावा एक कीपैड मोबाइल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर आरोपियों की पहचान फिरोज खान उर्फ बाज पुत्र शौकीन खान निवासी लखूवाली तथा मोहम्मद सलाम उर्फ फल्लू पुत्र जाफर अली निवासी कीकरवाली के रूप में हुई। एसपी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस पर नोहर थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फिरोज खान उर्फ बाज (24) निवासी लखूवाली तथा मोहम्मद सलाम उर्फ फल्लू (20) निवासी चक 11 केकेडब्ल्यू, कीकरवाली, नवां तहसील हनुमानगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नोहर, रावतसर, पल्लू, सरदारशहर, चूरू और सिद्धमुख क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और उनके सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह मीणा, इन्द्राज सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाष तथा कांस्टेबल रमेश, मेवासिंह और पूजा शामिल रहे।
