
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने का मामला
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पीलीबंगा थाना पुलिस ने यौन उत्पीडऩ, ब्लैकमेलिंग और अपहरण के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीलीबंगा थाना पुलिस को यह सफलता मिली है। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कड़वासरा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम एवं टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी गुरविन्द्र सिंह उर्फ गेरी (26) पुत्र बच्चन सिंह यादव निवासी वार्ड नम्बर 9, चार केएसडी, ढोलनगर पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया। एसपी के अनुसार मामला वर्ष 2024 में दर्ज हुआ था। पीडि़ता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि आरोपियों ने इन्स्टाग्राम पर चैटिंग के दौरान आपराधिक षड्यंत्र रचकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि बदनामी के भय से पीडि़ता ने आरोपियों को 10 हजार रुपए नकद तथा कानों के सोने के टॉप्स भी दिए। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी पीडि़ता को अपने साथ ले गए और कई बार शारीरिक शोषण किया। मामले में पुलिस ने तत्कालीन कानून के तहत अपहरण, जबरन वसूली, सामूहिक दुष्कर्म और महिला की गरिमा भंग करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पूर्व में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी गुरविन्द्र सिंह उर्फ गेरी घटना के बाद से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस अब आरोपी से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा कांस्टेबल बजरंग लाल और मनोज कुमार शामिल रहे।
