
तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त, तलवाड़ा झील थाना पुलिस की कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.010 किलोग्राम छिलका चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि तलवाड़ा झील थाना प्रभारी जगदीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान मोटर साइकिल पर संदिग्ध रूप से जा रहे दो युवकों को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8.010 किलोग्राम छिलका चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी जसविन्द्र सिंह उर्फ बिट्टू (40) पुत्र रेशम सिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 1, सूरेवाला तथा पंकज सिंह उर्फ पंकू (21) पुत्र पाला सिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 8, सूरेवाला को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसएस 8558 को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार कर रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी जगदीश सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल सतीश, अनिल कुमार तथा जगदीश सिंह शामिल रहे।
