
हनुमानगढ़। रामनवमी के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय पर विराट शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ पैदल, ट्रैक्टर-ट्रॉली, दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर सवार होकर हाथों में भगवा पताका लिए शामिल हुए। इससे भटनेर नगरी भगवामय हो गई। शोभायात्रा जिस भी जगह से गुजरी वहां का वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 12 बजे टाउन स्थित दशहरा ग्राउंड से हुई। शोभायात्रा शुरू होने से पहले सभा हुई। सभा के बाद शोभायात्रा यहां से रवाना होकर बेनीवाल अस्पताल, धानमंडी, जाकिर हुसैन पार्क, हिसारिया मार्केट, यातायात शाखा, बस स्टैंड, जंक्शन के शहीद भगतसिंह चौक, श्रीगंगानगर रोड होती हुई जिला कलक्ट्रेट के समक्ष पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में घोडिय़ों पर शामिल बेटियों ने मां दुर्गा के रूप में शोभा बढ़ाई। इसके साथ ही विभिन्न देवी-देवताओं की 30 झांकियां सजाई गईं। वहीं पांच बग्गी में साधु विराजमान थे। इसके अलावा विहिप कार्यकर्ता पैदल व बाइक पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को विभिन्न चौक- चौराहों पर रोककर स्वागत किया गया। शोभायात्रा पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा ने कहा कि 495 साल में पहली बार ऐसा हुआ है जब रामजी टेंट से अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं। रामजी मंदिर में तो आ गए हैं। अब हमें रामोत्व को दिलों में लाना है। हमें हिन्दू धर्म का खोया हुआ गौरव वापस मिला है। इसे बनाए रखना होगा। इस शोभायात्रा में विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा, पूर्व प्रांत संयोजक आशीष पारीक, ओम सोनी, भूपेश वैष्णव, प्रताप सिंह शेखावत एडवोकेट, मोहन चंगोई, राजेश जोशी, इंद्रजीत नंदीवाल, मनोज शर्मा, हेमलता जोशी, राजेश बिश्नोई, लवदीप कंबोज, कुलदीप नरूका, प्रवीण मोदी, सुभाष खिचड़, सुनील सुथार, नेहा शर्मा, मुकेश चौधरी, संजेश पाल आदि उपस्थित थे।
