
योग को जीवनशैली में अपनाने का दिया संदेश, बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स रहे उपस्थित
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) विश्व योग दिवस के अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) एसोसिएशन हनुमानगढ़ द्वारा टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय परिसर में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योगाचार्य घनश्याम मौर्या एवं कोमल सैनी ने उपस्थित प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करने की प्रभावी विधा है। नियमित योग करने से तनाव, चिंता और विभिन्न प्रकार की शारीरिक समस्याओं से राहत मिलती है।आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त जीवनशैली के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में योग एक ऐसा साधन है जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, सचिव सीए कमल जैन तथा कोषाध्यक्ष सीए रमन गर्ग ने भी योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग के माध्यम से स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में सिकासा अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य सीए ललित गर्ग सहित अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों ने योग को नियमित रूप से अपनाने तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
