
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचना के आधार पर दबोचा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला पुलिस की ओर से संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जंक्शन थाना पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थांे, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना तथा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 384/2026 में आरोपी गुरी उर्फ गुरप्यार सिंह (19) पुत्र गुरलाल सिंह निवासी वार्ड संख्या 9, शेरगढ़ पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है तथा अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार 2 जून को शक्तिवीर (28) पुत्र दुलीचन्द नायक निवासी वार्ड संख्या 2, हिरणावाली ने जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी मोटर साइकिल संख्या आरजे 49 एसई 3433 को 26 मई को नई धान मंडी स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी की दुकान के बाहर से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर जंक्शन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल उम्मेद मान, नेतराम तथा कांस्टेबल भीमसैन शामिल रहे। वहीं मामले के खुलासे में एएसआई प्रताप सिंह और कांस्टेबल सुरेन्द्र की विशेष भूमिका रही।
