
गोलूवाला थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोलूवाला थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गोलूवाला थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौजा खोथांवाली क्षेत्र में दबिश देकर संदीप सिंह उर्फ सिप्पी उर्फ सिल्लो (23) पुत्र हरपाल सिंह रायसिख निवासी 32 एमओडी पीएस सदर सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में गोलूवाला थाने में आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में एजीटीएफ टीम हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में एएसआई श्रीभगवान, कांस्टेबल सीताराम तथा संजय शामिल रहे।
