
पुलिस-पब्लिक समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे नवाचार कार्यक्रम के तहत पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भिरानी पुलिस थाना क्षेत्र के बैर गांव में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई ग्रामीणों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। रात्रि चौपाल की अध्यक्षता भादरा वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार तथा भिरानी थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष चर्चा करते हुए युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही मौजूद लोगों को जीवनभर नशे का सेवन नहीं करने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने कानून संबंधी जानकारी, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में बताया। ग्रामीणों को महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों की पालना, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग का महत्व समझाया गया। सुरक्षित वाहन संचालन के लिए भी जागरूक किया गया। रात्रि चौपाल में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने जैसी साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर विश्वास बढ़ाना, अपराधों पर अंकुश लगाना तथा नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
