
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) विश्व योग दिवस के मौके पर रविवार को टाउन स्थित भटनेर दुर्ग परिसर में आनंद योग आश्रम के तत्वावधान में योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हनुमानगढ़ साइकिलिंग ग्रुप, पुरातत्व विभाग, नगर परिषद तथा आयुर्वेद विभाग के सहयोग से नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया और नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान योग गुरु आनंद जोशी एवं उनके योग समूह के सदस्यों जोधा सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, बंटी थरेजा, पवन सरावगी, कृष्ण जांगिड़, संजय जैन, कमल शर्मा, सत्यवीर कटारिया और पुरुषोत्तम शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन समिति सदस्य जोधा सिंह भाटी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं है, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का भी प्रभावी माध्यम है।
