
विश्व योग दिवस पर सीए एसोसिएशन ने किया सामूहिक योगाभ्यास
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) विश्व योग दिवस के मौके पर रविवार को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) एसोसिएशन की ओर से टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय परिसर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योगाचार्य घनश्याम मौर्या एवं कोमल सैनी ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करने की प्रभावी विधा है। नियमित योगाभ्यास तनाव, चिंता तथा विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक होता है। आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा अध्यक्ष हर्ष जिंदल ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त जीवनशैली के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। पर उपाध्यक्ष रमेश कुमार, सचिव कमल जैन तथा कोषाध्यक्ष रमन गर्ग ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग के माध्यम से स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में सिकासा अध्यक्ष यश संदीप मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य ललित गर्ग सहित अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
