
महाराणा प्रताप पार्क में भाजपा नगर मंडल ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को भाजपा नगर मंडल जंक्शन की ओर से सुरेशिया स्थित महाराणा प्रताप पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेते हुए योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशामुक्ति तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में योगाचार्य रत्तीराम सहारा ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्वभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। योग स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में नगर मंडल महामंत्री प्रवीण परमार, कार्यक्रम संयोजक केशव पाल, सहसंयोजक विशंभर वर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, मंडल उपाध्यक्ष दयावंती वर्मा तथा अशोक शर्मा, पूर्व पार्षद जसपाल सिंह, रमेश कुमार, सतवीर सिंह, तुषार वर्मा, महावीर सिंह, बजरंग लाल, विजय टेलर, कृष्ण सारण, दिनेश पाल, कमलेश तिवारी, बहादुर सिंह, रामकुमार, कबीर कूकना ने सहभागिता निभाई।
