
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई री-नीट यूजी परीक्षा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित री-नीट यूजी परीक्षा-2026 रविवार को जिले में कड़े सुरक्षा इंतजामों एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। जिला मुख्यालय पर जंक्शन और टाउन में बनाए गए 7 परीक्षा केन्द्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए एनटीए तथा केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करवाई गई। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों को त्रिस्तरीय एवं सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी प्रदान किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केन्द्रों के बाहर छाया के लिए टेंट लगाए गए, जबकि परीक्षा कक्षों में प्रत्येक टेबल पर पानी की बोतल की व्यवस्था की गई। जानकारी के अनुसार जिले में कुल 2641 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2395 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस प्रकार 90.68 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 246 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान केन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। जिला प्रशासन की ओर से जारी निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केन्द्रों के आसपास फोटोस्टेट, साइबर कैफे, ई-मित्र तथा अन्य इंटरनेट आधारित सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखे गए। परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन माध्यमों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाहों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय से पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों के अनुसार जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना या गड़बड़ी की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
