
जिलाध्यक्ष विजय बैनीवाल सहित कार्यकर्ताओं के लौटने के बाद तय होगी नई रणनीति
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राष्ट्रीय लोकतंत्र पार्टी (रालोपा) द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के प्रस्तावित कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित सूचना देकर कार्यक्रम रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। रालोपा कार्यकर्ताओं की ओर से डीवाईएसपी को दिए गए पत्र में बताया गया कि 22 जून 2026 को मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन उसी दिन भरतपुर में राष्ट्रीय लोकतंत्र पार्टी की महत्वपूर्ण रैली आयोजित होने के कारण कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय बैनीवाल सहित जिले के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भरतपुर में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए गए हुए हैं।पत्र में कहा गया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के निर्देश पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भरतपुर रैली में भाग लेने पहुंचे हैं। ऐसे में जिले में प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम को फिलहाल निरस्त कर दिया गया है।रालोपा नेताओं ने प्रशासन को अवगत कराया कि भरतपुर रैली से लौटने के बाद पार्टी पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी आंदोलन और विरोध कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन या अन्य कार्यक्रम की नई तिथि घोषित की जाएगी।
