
DFS और सशक्त नारी संस्थान ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ चलाया जनजागरण अभियान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) डॉक्टर्स फॉर सोसाइटी फाउंडेशन (DFS) एवं सशक्त नारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार प्रातः विनय वाटिका, सेक्टर-09, हनुमानगढ़ जंक्शन में “पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना बढ़ाना तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप भाकर ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक स्तर पर गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने बताया माइक्रोप्लास्टिक के कण अब जल, वायु और खाद्य पदार्थों के माध्यम से मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं, जो भविष्य में अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने का आह्वान किया।डॉ. वैशाली आहूजा ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बचाव के सरल और व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि कपड़े के थैले, स्टील या कांच की पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलें तथा टिकाऊ जीवनशैली अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए बड़े अभियानों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।कार्यक्रम में युवाओं की ओर से क्रियांशी संकलेचा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जलवायु परिवर्तन की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सामने जलवायु परिवर्तन सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने चिंता जताई कि विश्व के सबसे प्रदूषित शहरों में बड़ी संख्या भारतीय शहरों की है और अत्यधिक गर्मी से प्रभावित शहरों में भी भारत के कई शहर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और बदलती जलवायु केवल पर्यावरणीय समस्या नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी है। उन्होंने इस दिशा में सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में DFS के अध्यक्ष डॉ. विक्रम जैन, सचिव डॉ. नरेश संकलेचा, डॉ. रवि त्रेहान, डॉ. दीपक खुराना, श्री बलजिंदर सिंह, श्री पवन सरावगी, श्री दिनेश गुप्ता, श्री हेमंत गोयल, डॉ. नरेश जिंदल, डॉ. वरुण आहूजा, डॉ. विपुल आसोपा, डॉ. अर्जुन सिंह राठौर, डॉ. जगदीश खत्री, डॉ. ज्योति धींगरा, डॉ. अंशुमन रहेजा, डॉ. तज्ञा बरार एवं डॉ. बलवीर सहारन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सशक्त नारी संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती मिताली अग्रवाल एवं संस्थान के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और हरित समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
