
श्रद्धालुओं के लिए 59 दिन तक निःशुल्क सेवा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)श्री अमरनाथ सेवा समिति हनुमानगढ़ द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जम्मू-कश्मीर के पवित्र स्थल पंचतरणी में 30वां विशाल निःशुल्क भंडारा लगाया जा रहा है। इस भव्य सेवा यज्ञ की शुरुआत हनुमानगढ़ टाऊन कि नई धान मंडी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मन्दिर से धार्मिक विधि-विधान और शिव आराधना के साथ की गई, जिसमें श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों और विशेष अतिथियों की उपस्थिति रही। समिति के प्रधान सूरजभान मितल एवं सचिव इन्द्रजीत चराया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भंडारा 3 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 तक अमरनाथ यात्रियों की सेवा में तत्पर रहेगा। भंडारा रवाना होने से पूर्व शिव भोले की पूजा अर्चना की गई। पंडित विपिन बिहारी शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और यज्ञ हवन की पूर्णाहुति के साथ इस पावन कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जयपुर से सपरिवार पधारे बाबू लाल महेश्वरी,श्री अमरनाथ सेवा समिति बीकानेर के प्रधान मोहन लाल,देवकिशन अध्यक्ष,रामलाल मंगवाल,पप्पू जी जाखड़ा,बाबूलाल,किशन लाल धुतिया,लक्षमण लाल चान्दोरा,हनुमानगढ़ यातायात पुलिस प्रभारी अनिल चिन्दा,फुडग्रेण मर्चेन्ट एसोसिऐशन अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल,पूर्व अध्यक्ष सन्तराम जिन्दल,बालकृष्ण गौल्याण, अशोक जिन्दल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति देकर सभी सदस्यों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। समिति सचिव इन्द्रजीत चराया ने बताया कि आज पहले जत्थे में रजत बंसल व अभिषेक चराया के नेत्तृव में 28 सेवादार और एक ट्रक खाद्य सामग्री के साथ भंडारे की सामग्री को रवाना किया गया। इस जत्थे में भोजन, आवास और मेडिकल सुविधाओं की विस्तृत व्यवस्था की गई है। भंडारा पंचतरणी में यात्रियों को पूर्णतः निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिनमें भोजन, विश्राम स्थल एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रमुख हैं। भंडारा पूरे 59 दिनों तक संचालित होगा। रवानगी से पूर्व भंडारे को शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाला गया। डीजे पर शिव भोले के भजनों की धुन पर सेवादार भावविभोर होकर नाचते-गाते आगे बढ़े। चारों ओर बम बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। शोभायात्रा में शहरवासियों ने भी श्रद्धा और भक्ति के साथ भागीदारी निभाई। भंडारे की रवानगी के समय श्री अमरनाथ सेवा समिति के संरक्षक सुरेन्द्र नागपाल, विनोद गर्ग, एन.एम. लॉ कॉलेज प्रबंध समिति व श्री अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष सूरजभान मितल, उपाध्यक्ष पवन सिंगला, कोषाध्यक्ष गोविन्द्र सोमानी, सह सचिव हैप्पी गुम्बर, प्रचार प्रभारी राजकुमार चुघ, प्रवक्ता विनय सिंगला, प्रवीण गर्ग, कृष्ण मदान, रजत बंसल,सतिश गर्ग मोती,राकेश बंसल,रमेश काठपाल,रमन नागपाल,सुखविन्द्र सिंह,शंकी कामरा,देव सिंगला,अर्जुनदास हलवाई,विजय कामरा,रामू हलवाई सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति के प्रचार प्रभारी राजकुमार चुघ ने बताया कि पंचतरणी स्थित भंडारा शिविर में आने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं को प्रतिदिन तीनों समय भोजन, आवासीय सुविधा एवं प्राथमिक चिकित्सा सहायता निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस सेवा में लगे सेवादारों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है और सभी आवश्यक सामग्री की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। इस सेवा कार्य की शुरुआत पूरे भक्ति भाव और उत्साह के साथ हुई और इस अवसर पर नगर में गहन धार्मिक वातावरण का निर्माण हुआ। शिवभक्तों की सेवा में समर्पित इस भंडारे की रवानगी ने यह संदेश दिया कि जब श्रद्धा, सेवा और समर्पण एक साथ मिलते हैं, तब समाज में निस्वार्थ कार्यों की मिसाल कायम होती है। समिति द्वारा यह पुण्य कार्य बीते 29 वर्षों से किया जा रहा है और अब यह 30वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, जो कि समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है। शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा भंडारा जत्थे के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएं दीं। समस्त सेवादारों ने शिवभक्ति में लीन होकर सेवा को अपना धर्म माना और शिव आराधना के साथ इस पवित्र यात्रा की शुरुआत की
