
लाभार्थियों को सौंपे पट्टे व प्रमाण पत्र, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर का सोमवार को प्रभारी सचिव जोगाराम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, पूर्व जिला प्रमुख दम्यंती बेनीवाल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, पार्षद हिमांशु महर्षि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिविर में स्थापित विभिन्न काउंटरों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निर्धारित समय में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। शिविर के निरीक्षण के बाद अतिथियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, पट्टे एवं अन्य दस्तावेज सौंपकर सम्मानित किया। लाभार्थियों ने मौके पर ही कार्य होने पर संतोष व्यक्त किया और शिविर को आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया। शिविर में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नामांतरण, पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित कार्यों सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। प्रभारी सचिव जोगाराम ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने के साथ-साथ पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था को भी मजबूत बनाते हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित लोगों से फीडबैक भी लिया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया तथा प्रशासन की इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी इसी प्रकार आमजन को राहत पहुंचाने के लिए शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।
