
ईंट भट्ठों और श्रमिक बस्तियों में चलाया स्वास्थ्य सेवा अभियान
हनुमानगढ़। महिला स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत ईडीएस आरोग्य संस्था की ओर से जरूरतमंद महिलाओं के लिए नि:शुल्क आयुर्वेदिक टॉनिक वितरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। संस्था पिछले कई महीनों से ईंट भट्ठों, श्रमिक बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध करा रही है। संस्था का उद्देश्य उन महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है जो आर्थिक अभाव के कारण समय पर उपचार नहीं करवा पातीं। अभियान के तहत टाउन क्षेत्र में स्थित तीन ईंट भट्ठों पर जाकर जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क आयुर्वेदिक टॉनिक वितरित किए गए। इस मौके पर ईडीएस आरोग्य संस्था के प्रबंधक डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाली अनेक महिलाएं कमजोरी, थकान और अन्य शारीरिक समस्याओं से जूझ रही हैं। आर्थिक तंगी के कारण वे उचित इलाज नहीं करवा पातीं और लंबे समय तक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है कि वह जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आए। डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि महिला परिवार और समाज की आधारशिला होती है। घर और समाज दोनों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सभी को संवेदनशील होना चाहिए। सेवा अभियान से प्रेरित होकर ईडीएस आरोग्य की सदस्य सीमा (रामगढ़) ने भी अपनी ओर से 20 आयुर्वेदिक टॉनिक जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क उपलब्ध कराए। अभियान में पूनम सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
