
अनुशासन और निरंतर अभ्यास का दिया संदेश
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से बुधवार को विभाग के पूर्व छात्र (एलुमनाई) विनोद चौधरी (बीपीईएस बैच-2020) का विशेष गेस्ट लेक्चर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। गेस्ट लेक्चर के दौरान विनोद चौधरी ने अपने खेल जीवन के अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने कुश्ती में प्राप्त उपलब्धियों तथा ऑल इंडिया राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता के अनुभवों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेलों में अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम सफलता की कुंजी हैं। निरंतर प्रयास और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। इससे पहले विभागाध्यक्ष डॉ. रमनदीप कौर ने छात्र-छात्राओं को विनोद चौधरी का परिचय देते हुए उनकी खेल उपलब्धियों और संघर्षपूर्ण यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विनोद चौधरी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में सफल व्यक्तित्वों से जोडक़र प्रेरित करना भी है। ऐसे कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि एलुमनाई किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। पूर्व छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, जिससे छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता रहे। खेल विभाग के निदेशक डॉ. अभिषेक ने कहा कि विभाग छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेषज्ञों और पूर्व छात्र-छात्राओं के व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को खेल जगत की वास्तविक चुनौतियों और अवसरों की जानकारी प्राप्त हो सके।
