
बर्फानी सेवा समिति लगाएगी 28वां भंडारा, 38 सेवादारों का पहला जत्था भी हुआ रवाना
हनुमानगढ़। बर्फानी सेवा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को राशन सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक सामान से भरे दो ट्रक जम्मू-कश्मीर के बालटाल के लिए रवाना किए गए। ट्रकों को टाउन में श्री अरोड़वंश धर्मशाला के पास स्थित शिव मंदिर में पंडित विलायती राम शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समिति के अध्यक्ष बलदेव अरोड़ा ने बताया कि बालटाल में इस वर्ष समिति का 28वां भंडारा आयोजित किया जा रहा है, जो 28 अगस्त तक संचालित रहेगा। भंडारे में अमरनाथ यात्रियों के लिए नि:शुल्क चाय, नाश्ता, भोजन, दवाइयों की सुविधा, ठहरने की व्यवस्था, गर्म बिस्तर, स्नानघर, शौचालय तथा गर्म पानी की व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले जत्थे के साथ उनके नेतृत्व में 38 सेवादार भी बालटाल के लिए रवाना हुए हैं। ये सभी सेवाभावी कार्यकर्ता यात्रा अवधि के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहेंगे। इस मौके पर रामलुभाया तिन्ना, अनिल धूडिय़ा, सतीश छाबड़ा, सतीश कटारिया, सुभाष डोडा, गोरा नागपाल, राजेश ग्रोवर, पवन थरेजा, कालू नागपाल, कन्हैया सैन, श्याम मुंजाल, विजय मिड्ढा, हरीश, राजकुमार मौजूद रहे।
