
नगर परिषद कार्यालय में आप का धरना-प्रदर्शन, शहर की समस्याओं के समाधान की मांग
हनुमानगढ़। नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न नागरिक समस्याओं के समाधान नहीं होने से नाराज आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से भजन गायन कर नगर परिषद अधिकारियों को ‘गहरी निद्रा’ से जगाने का प्रयास किया। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में जनता की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले छह माह से पार्टी नगर परिषद प्रशासक और आयुक्त को विभिन्न समस्याओं को लेकर लगातार ज्ञापन सौंप रही है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। बेनीवाल ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में बरसाती पानी निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा किले वाले स्कूल की चारदीवारी को पीछे करवाकर कब्जा करवाने के प्रयास, भद्रकाली मंदिर रोड पर चयनात्मक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को राशि नहीं मिलने तथा लंबित पट्टों और नामांतरण मामलों को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद अतिक्रमण हटाने के नाम पर दिखावटी कार्रवाई कर रही है, जबकि दूसरी ओर राज्य राजमार्ग पर पार्किंग शुल्क वसूली जा रही है। सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हैं। उन्होंने नगर परिषद में वित्तीय अनियमितताओं और सफाई कर्मचारियों के नाम पर गड़बडिय़ों के भी आरोप लगाए। आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि करीब दस दिन पहले 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रतिदिन नगर परिषद कार्यालय में भजन गायन कर विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। बेनीवाल ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने शहरी सेवा शिविरों का विरोध करने की भी चेतावनी दी। धरना-प्रदर्शन और भजन गायन कार्यक्रम में सचिन कौशिक, राजवीर माली, सुभाष पारीक, लीलाधर भाट, जयपाल स्वामी, रामप्रीत, संजय कुमार, शुभकरण शर्मा, दीपक भारद्वाज, अशोक कुमार, करनैल सिंह, गोपाल वर्मा, सतपाल भाट, मांगीलाल, प्रेम कुमार, राजकुमार, जगदीश मेघवाल, पूनम चंद, जगदीश रैगर, छोटूराम भार्गव, बनवारी लाल, ललित कुमार, ललित स्वामी, गुलशन सोनी, राजेंद्र रैगर, शंकर जेलिया, गुरबख्श सिंह, भजनलाल, बंशीलाल, राज इश्रानी, संजय खदरिया, द्वारका प्रसाद, विकास वर्मा, बुधराम रेगर, कन्हैयालाल, दानाराम मेघवाल, कमल कुमार, हेमराज सैन, कमल ढालिया, प्रवीण कुमार सहित कई अन्य नागरिक मौजूद रहे।
