
जागृति यात्रा में लंबित मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी, जल्द निर्णय की मांग
हनुमानगढ़। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा सत्रहवें दिन बुधवार को हनुमानगढ़ पहुंची। जंक्शन स्थित कचहरी रोड पर जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपनी लंबित मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से बजट में कर्मचारियों के हित में की गई अनेक घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन कर्मचारियों के प्रति सरकार का रवैया निराशाजनक और असंवेदनशील बना हुआ है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को मिली सुविधाओं में कटौती के प्रयास किए जा रहे हैं। ओल्ड पेंशन स्कीम के साथ छेड़छाड़ के प्रयासों का महासंघ ने पहले भी विरोध किया है। अब राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम की सुविधाओं में बदलाव और निजीकरण की आशंकाओं को लेकर कर्मचारियों में व्यापक नाराजगी है। अप्रैल माह में मिलने वाले उपार्जित अवकाश का भुगतान अब तक नहीं हुआ है, जबकि ठेका कर्मचारियों से संबंधित पूर्व घोषणाएं भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जागृति यात्रा का उद्देश्य प्रदेशभर के कर्मचारियों की न्यायोचित और वर्षांे से लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाना है। कर्मचारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब उनकी जायज मांगों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और द्विपक्षीय वार्ता के बाद भी कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुए तो कर्मचारी आंदोलन को और तेज करेंगे तथा सडक़ों पर उतरकर संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे। बैठक को महासंघ के महामंत्री एवं राजस्थान वाटर वक्र्स कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल शर्मा, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह यादव, राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रणजीत मीणा, अखिल राजस्थान राज्य वाहन चालक एवं तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजयवीर सिंह, वन विभाग मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश यादव, राजस्थान परिवहन निगम अधीनस्थ कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शशि शर्मा तथा महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक भोबिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में साधुराम, फूलचंद, रमेश कुमार, भानसिंह, मोहन पारीक, जसवीर सिंह, रमेश गलगट सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
