
लाखों अभ्यर्थियों को आर्थिक-मानसिक नुकसान, सरकार से समाधान की मांग
हनुमानगढ़। राजस्थान में पीटीआई भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की। ज्ञापन संगठन के बीकानेर संभाग प्रभारी धन्नेसिंह राठौड़ व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष छिन्द्रपाल वर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। संभाग प्रभारी धन्नेसिंह राठौड़ ने बताया कि पीटीआई भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों बेरोजगार युवाओं ने पिछले कई महीनों से परीक्षा की तैयारी में अपना समय, श्रम और धन लगाया। अनेक अभ्यर्थी किराए पर रहकर तैयारी कर रहे थे, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र इंदिरा रसोई और गुरुद्वारों में भोजन कर अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे थे। इसके बावजूद परीक्षा रद्द होने से उन्हें भारी निराशा का सामना करना पड़ा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क जमा कर तैयारी की थी, लेकिन भर्ती रद्द होने से उनका आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही बार-बार परीक्षाओं के रद्द होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में देरी और परीक्षाओं के निरस्त होने के कारण कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा प्रभावित हो सकती है, जिससे वे भविष्य में आवेदन करने के अवसर से वंचित हो सकते हैं। आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जा सकता है। इस मौके पर संगठन प्रदेशाध्यक्ष डॉ. प्रेमसिंह शेखावत, विनोद कुमार, भूपेन्द्र सिंह, आनन्द सिंह, शक्तिसिंह, प्रवीण सिंह, सुभाष चारण, सुरेन्द्र काठपाल, बुधराम, डॉ. डीएस, यूनस खान, नन्दूसिंह मौजूद रहे।
