
मां ने बेटी के ससुराल पक्ष पर मारपीट और पुलिसकर्मियों पर रिश्वत लेने का लगाया आरोप
हनुमानगढ़। वार्ड नम्बर 57, पुलिस लाइन के पीछे सुरेशिया, जंक्शन निवासी एक महिला ने अपनी लापता पुत्री को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन पूर्व पार्षद राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में वार्डवासियों के साथ जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां को सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई। महिला फुलोदेवी पत्नी इन्दुमुखिया साहनी ने बताया कि उनकी पुत्री दुर्गा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व पीलीबंगा तहसील के रामपुरा निवासी देवेन्द्र पुत्र चन्द्रदेव साहनी के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री दुर्गा के साथ आए दिन मारपीट होती थी, जिसे लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं और लिखित समझौते भी किए गए। 20 जून की शाम उनके दामाद का फोन आया, जिसमें बताया गया कि दुर्गा दोपहर एक बजे से घर से गायब है। इसके बाद 21 जून को वह पीलीबंगा थाने पहुंचीं, लेकिन उनके आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 22 जून को वह अपनी दूसरी पुत्री और पुत्रवधू के साथ दुर्गा के ससुराल पहुंचीं। वहां उनकी नातिन ने बताया कि उसकी मां के साथ उसके पिता, ताऊ और ताई ने मारपीट की थी। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ कथित रूप से हाथापाई की। इसके बाद वे पीलीबंगा थाने पहुंचीं। महिला ने आरोप लगाया कि थाने में एएसआई बलजीत सिंह और अशोक बिश्नोई नामक व्यक्ति ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा उन्हें, उनकी पुत्री और पुत्रवधू को एक कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उनसे दो हजार रुपए लेने के बाद बाहर निकाला गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि उनकी लापता पुत्री दुर्गा के ससुराल पक्ष से सख्ती से पूछताछ कर उसकी तलाश की जाए तथा लगाए गए आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
