
यातायात शाखा में ई-रिक्शा यूनियन के साथ बैठक, दस्तावेज पूर्ण करने और रजिस्टर संधारित करने के दिए निर्देश
हनुमानगढ़। जंक्शन के सर्वसमाज ई-रिक्शा यूनियन के सदस्यों की बुधवार को टाउन स्थित यातायात शाखा में यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में सडक़ सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और ई-रिक्शा संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने ई-रिक्शा चालकों से कहा कि किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को ई-रिक्शा नहीं चलाने दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी चालकों को एक माह के भीतर अपने ई-रिक्शा से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर उन्हें साथ रखने के निर्देश दिए। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों को ई-रिक्शा चालकों का रजिस्टर संधारित करने के निर्देश भी दिए गए। रजिस्टर में चालक का पूरा नाम, पता, ई-रिक्शा का पंजीकरण नम्बर तथा अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज करने को कहा गया। अनिल चिन्दा ने बताया कि सभी दस्तावेज पूर्ण होने के बाद ई-रिक्शा चालकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। बैठक के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि ई-रिक्शा चालक अपने वाहन सडक़ के बीच में खड़े नहीं करेंगे, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। ई-रिक्शा चालकों ने यातायात नियमों की पालना करने का आश्वासन दिया। सर्वसमाज ई-रिक्शा यूनियन के जिलाध्यक्ष कत्तर सिंह तथा तहसील अध्यक्ष विकास झोरड़ ने बताया कि यूनियन लंबे समय से ई-रिक्शा स्टैंड के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग कर रही है। इस संबंध में जल्द ही नगर परिषद प्रशासक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने बताया कि यातायात शाखा प्रभारी ने भी इस मामले में सहयोग का आश्वासन दिया है।
