
छह घंटे चली समीक्षा बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली योजनाओं पर दिए सख्त निर्देश
हनुमानगढ़। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बुधवार को चुरू सांसद श्री राहुल कस्वां ने केंद्रीय और राज्य सरकार की विभागीय योजनाओं तथा विभागों के कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठकों में पूरी तैयारी और अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को यातायात दबाव वाले मार्गों के विस्तार के लिए समयबद्ध डीपीआर तैयार करने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों में तेजी लाने, हाइवे किनारे ट्रोमा सेंटर, रिंग रोड, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और डार्क स्पॉट खत्म करने के निर्देश दिए। पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीण ढाणियों में जल कनेक्शनों की अनियमितताओं और डिग्गियों के निर्माण में देरी प सख्त निर्देश दिए। अमृत 2.0 की प्रगति की समीक्षा करते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। सांसद ने जिले में पेयजल की हैवी मेटल जांच प्रयोगशाला की स्वीकृति पर संतोष भी जताया। विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस और कृषि व घरेलू कनेक्शनों की प्रगति पर चर्चा हुई। सांसद ने निर्देश दिए कि पांच से अधिक ढाणियों वाले किसी भी क्षेत्र में घरेलू बिजली कनेक्शन लंबित नहीं रहने चाहिए। कृषि और सहकारिता विभाग को एमएसपी पर समयबद्ध खरीद, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों के निस्तारण के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जरूरत के अनुसार नए पीएचसी, सीएचसी व सब सेंटरों के प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार नहीं कर रहे अस्पतालों की सूची तैयार करने तथा मेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बताया गया कि पीएम जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 5.77 लाख से अधिक लोगों की ई-केवाईसी की जा चुकी है। शिक्षा और नगरीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पीएमश्री विद्यालयों, स्मार्ट क्लासरूम पर चर्चा हुई तथा आईसीटी लैब की कमी को देखते हुए सभी स्कूलों के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं, नगरीय निकायों को ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था में सुधार, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा एसटीपी के पानी के उपयोग की वन विभाग के समन्वय के साथ योजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में हरियाणा सरकार द्वारा नोहर फीडर में सेम का पानी छोड़े जाने का मुद्दा भी उठा। सुबह 12 बजे शुरू हुई बैठक शाम 6 बजे तक चली। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल, नोहर विधायक श्री अमित चाचाण और पीलीबंगा विधायक श्री विनोद गोठवाल, श्री मंगेज चौधरी, जिला परिषद सीईओ श्री ओपी बिश्नोई, एसएसपी श्री राजकंवर सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
