
वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा भारत विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजन
हनुमानगढ़। आमजन को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 जून को संगरिया के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (स्टेट स्कूल) में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा भारत विकास परिषद के तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें अनुभवी आयुर्वेदाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सक विभिन्न रोगों से पीडि़त मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देंगे। शिविर में स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह तथा आहार एवं जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आयोजकों के अनुसार शिविर में किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों का दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल-4, एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी सहित विभिन्न दीर्घकालिक बीमारियों के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी आधारित उपचार संबंधी परामर्श प्रदान किया जाएगा। रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उचित आहार-विहार, दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव भी दिए जाएंगे। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच यह शिविर लोगों के लिए विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श प्राप्त करने का अच्छा अवसर है। भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा की प्राचीन और प्रभावी पद्धति है, जो प्राकृतिक सिद्धांतों पर आधारित होने के कारण स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिविर प्रभारी अनिल जांदू ने नागरिकों से अपने परिवारजनों और परिचितों के साथ शिविर में पहुंचकर इस स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर जीवनशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
