

हनुमानगढ़ में राहुल गांधी के कोटा संवाद का लाइव प्रसारण, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे सहित तीन प्रमुख मांगें रखीं
हनुमानगढ़। देशभर के छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा में छात्रों एवं युवाओं के साथ किए गए संवाद का लाइव प्रसारण सुना गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और छात्रों के सामने लगातार नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा। इसके तहत छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों, महाविद्यालयों, पुस्तकालयों और युवा समूहों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में भी 30 जून से महाविद्यालय खुलते ही पर्चा वितरण, नुक्कड़ सभाएं और छात्र संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत छात्रों की समस्याओं और सुझावों को एकत्रित कर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त 2026 को देश के सभी 28 शहरों में कलेक्टरेट घेराव किया जाएगा तथा 9 अगस्त को दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के साथ अभियान के प्रथम चरण का समापन होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं रतनगढ़ विधायक पुसाराम गोदारा ने कहा कि यह अभियान उन लाखों छात्रों और नौकरी अभ्यर्थियों की आवाज है, जिनकी मेहनत बार-बार पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और विभिन्न संस्थाओं की कथित विफलताओं के कारण प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है।

पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि देश का युवा वर्ग आज अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक चिंतित है। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार विवाद सामने आते हैं तो संबंधित संस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। नोहर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि छात्र किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि यह केवल किसी एक परीक्षा का मुद्दा नहीं बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भर्ती घोटाले, रिक्त पदों की स्थिति, महंगी कोचिंग व्यवस्था और लगातार टलती परीक्षाओं ने युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। कार्यक्रम में राहुल गांधी के कोटा संवाद का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में अवसरों की कमी और प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर चिंता व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वर्तमान व्यवस्था में बड़ी संख्या में युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बताया कि कांग्रेस ने इस अभियान के तहत तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच। दूसरी, परीक्षा प्रणाली, परीक्षा एजेंसियों, प्रश्नपत्र निर्माण, प्रिंटिंग, परिवहन, परीक्षा केंद्रों और डिजिटल प्रक्रियाओं की व्यापक समीक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना। तीसरी, वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर लागू कर परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की समय-सीमा पूर्व घोषित करने तथा उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करना। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों और युवाओं से अभियान से जुड़ने तथा शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल, विधायत प्रत्याशी अजीत बेनीवाल, पीसीसी सदस्य सोहन ढिल, संगठन महामंत्री मांगीलाल स्वामी, उपाध्यक्ष बालचंद ज्याणी, गुरदीप सिंह चहल, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, विजय टाक, महासचिव मनीराम लखेसर, गौरीशंकर थोरी, कालूराम गोदारा, रामविलास चौयल, सचिव महावीर, सुब्लानिया, पवन सिंहमार, बलवंत होठला, प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया, विनोद जाखड़, ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल माटोरिया, बनवारीलाल सुथार, नगर अध्यक्ष लीलूराम, अंग्रिम संगठन जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी, विजय गोंद, सुधीर गोदारा, रोहित जावा, सहित कुलदीप जाखड़, गुरलाल मान, गुरप्रीत मान, रामचन्द्र चौधरी, जयपाल गिरी, संजय नानक, रामेश्वर स्वामी, राजेश पुरी, रोहित, कृष्ण स्वामी, विनोद गुरूसर, संदीप खिलेरी, सूर्यकांत झाझड़िया, यश चिलाना, गोविन्द रैगर, सुनील, विकास जाखड़, संदीप धालीवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
