
भुवन अग्रवाल बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट, खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना
हनुमानगढ़। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हनुमानगढ़ शाखा, सीआईआरसी द्वारा सीआईसीएएसए के तत्वावधान में जयपुर क्रिकेट अकादमी, हनुमानगढ़ जंक्शन में सीए स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स इवेंट का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के चार्टर्ड अकाउंटेंसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन ट्राई सीरीज प्रारूप में आयोजित किया गया, जिसमें तीन टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेले। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं खेल भावना और अनुशासन ने आयोजन को विशेष बना दिया। लीग चरण के मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम चार्टर्ड चैम्प्स, जिसकी कप्तानी वंश मक्कड़ ने की, तथा टीम इम्पैक्ट एट, जिसकी कप्तानी भुवन अग्रवाल ने संभाली, ने फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः टीम चार्टर्ड चैम्प्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम इम्पैक्ट एट को उपविजेता घोषित किया गया। वहीं गौरव गुम्बर के नेतृत्व वाली टीम गरुड़ पेसर्स ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। पूरे टूर्नामेंट में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, शानदार बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के दम पर भुवन अग्रवाल को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा विभिन्न मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच पुरस्कार मानव सचदेवा, मोहनीश बहल, निशांत चुघ एवं भुवन अग्रवाल को प्रदान किए गए। समापन समारोह में आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा के अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल, उपाध्यक्ष सीए रमेश शर्मा, सचिव सीए कमल जैन, कोषाध्यक्ष सीए रमन गर्ग, सीआईसीएएसए अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल, तत्काल पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारी सदस्य सीए ललित गर्ग तथा शाखा प्रभारी रूपल मित्तल उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को उनकी सक्रिय भागीदारी, अनुशासन और खेल भावना के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे चुनौतीपूर्ण पेशे में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक संतुलन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाते हैं। शाखा प्रबंध समिति ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
