
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, चार मैग्जीन और 12 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नोहर पुलिस थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में एसआई पृथ्वीसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान नोहर-अरड़की रोड स्थित साहवा बाइपास तिराहे के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल, दो मैग्जीन और नौ कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ जोनी (22) पुत्र जयसिंह राजपूत निवासी ललानिया को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच एएसआई रामप्रताप कर रहे हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पृथ्वीसिंह, एएसआई इन्द्राज और कांस्टेबल रामहरि शामिल रहे। दूसरी कार्रवाई में एएसआई बजरंग लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नोहर-साहवा रोड स्थित आपूवाला माइनर के पास एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, दो मैग्जीन और तीन कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी गगन (23) पुत्र बेगराज खाती निवासी खरसण्डी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। इस मामले की जांच भी एएसआई रामप्रताप की ओर से की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई बजरंग लाल तथा शंकरलाल और कांस्टेबल रमेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
