
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र के गांव खोथांवाली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत एक नर्सिंग ऑफिसर ने ड्यूटी के दौरान सोने का लॉकेट झपटकर ले जाने तथा बाद में धमकियां देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोथांवाली में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर अमरी देवी (44) पत्नी रामकिशन मेघवाल ने गोलूवाला थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि 4 जून को सुबह करीब 11 बजे वह अपने नियमित कार्य का निर्वहन कर रही थीं। इसी दौरान खोथांवाली निवासी श्योप्रकाश उर्फ सुनील कुमार पुत्र पृथ्वीराज अपने भाई के साथ बोतल लगवाने के लिए स्वास्थ्य केन्द्र आया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान श्योप्रकाश उर्फ सुनील कुमार ने उनके गले में पहना सोने का लॉकेट झपटकर छीन लिया और दोनों भाई मौके से फरार हो गए। परिवादिया का कहना है कि घटना का वीडियो फुटेज उसके पास उपलब्ध है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां और पूरी घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है। अमरी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी पक्ष उन्हें धमकियां दे रहा है तथा कहता है कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी का भाई भी घटना में शामिल था और दोनों ने मिलकर लॉकेट अपने कब्जे में रखा हुआ है। परिवादिया ने बताया कि उसकी रात्रिकालीन ड्यूटी भी रहती है और आरोपी उसे तंग-परेशान करते हैं। उसे आशंका है कि आरोपी ड्यूटी के दौरान बाधा उत्पन्न कर सकते हैं तथा उसके साथ कोई अनहोनी घटना भी कर सकते हैं। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कैंचियां पुलिस चौकी प्रभारी एसआई लाल बहादुरचन्द्र को सौंपी है। मामले की जांच जारी है।
