
अतिथियों ने किया नशामुक्ति पोस्टर का विमोचन
श्रीगंगानगर(भटनेर एक्सप्रेस) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, श्रीगंगानगर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस (26 जून 2026) के उपलक्ष्य में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत शुक्रवार को जिले में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल रैली एवं पैदल मार्च का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने महाराजा गंगासिंह चौक से साइकिल रैली एवं पैदल मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।महाराजा गंगासिंह चौक से रवाना होकर रैली एवं मार्च नेहरू पार्क पहुंचा। यहां आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। रैली और मार्च से युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया है। मौके पर अतिथियों ने नशा मुक्ति पोस्टर का भी विमोचन किया।जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर ने कहा कि कि हम अपने समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इस दिवस का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को सशक्त करना है।उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस एवं जिला पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना भी है। उन्होंने मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी की जानकारी पुलिस को देने का आह्वान करते हुए कहा कि सूचना देने वाली की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से नशे के इस अभिशाप पर नियंत्रण संभव है।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री वीरेंद्रपाल सिंह ने जिले में नशामुक्ति के लिए जारी श्रीगंगानगर नशामुक्त अभियान का विस्तृत उल्लेख करते हुए आमजन से इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि साइकिल रैली निर्धारित मार्ग से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नेहरू पार्क पहुंची। पैदल मार्च के माध्यम से भी निर्धारित मार्ग पर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।सामाजिक और न्याय अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने उपस्थितजनों को नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए आमजन से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर गंगानगर एसडीएम श्री नयन गौतम, सीडीईओ श्री अरविंदर सिंह, श्री विजय कुमार, श्रीमती प्रीति गर्ग, श्री मोहनलाल अरोड़ा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक, साइकिल क्लब, पुलिस के जवान सहित अन्य उपस्थित रहे।
