
युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान, समाज और परिवार के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है नशामुक्त भारत – वक्ता
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय मेडिकल महाविद्यालय में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला व नशा मुक्ति जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार मीणा,अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, भाजपा नेता अमित चौधरी, विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व प्रांत संयोजक आशीष पारीक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा, कृष्ण तायल, देशराज अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तथा राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह शेखावत ने की। मंच संचालन भीष्म कौशिक ने किया।मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में मेडिकेट नशा, कैप्सूल, चिट्टा और पोस्त जैसे मादक पदार्थ युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं। पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है, लेकिन केवल पुलिस कार्रवाई से समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों और प्रशासन को मिलकर युवाओं को जागरूक करना होगा।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि क्षणिक आनंद के लिए किसी भी प्रकार के नशे की शुरुआत न करें, क्योंकि एक बार इसकी गिरफ्त में आने के बाद बाहर निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है।अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग देश की सबसे बड़ी शक्ति है और यदि यही वर्ग नशे की ओर बढ़ेगा तो समाज का विकास प्रभावित होगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर ध्यान देने तथा उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों को गंभीरता से लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए हर स्तर पर जनजागरूकता अभियान चला रहा है।भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, योग और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही उन्हें नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व प्रांत संयोजक आशीष पारीक ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, संस्कार और परिवार की खुशियों को नष्ट कर देता है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हर परिवार अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखे और उन्हें अच्छे संस्कार देकर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखे। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा ने कहा कि नशे की लत एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कई युवा केवल शौक या दोस्तों के दबाव में नशे की शुरुआत करते हैं, लेकिन बाद में यह आदत उनके पूरे जीवन को प्रभावित कर देती है। उन्होंने युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि 17 जून से शुरू हुआ उक्त नशा मुक्ति सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता सेमीनार, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थय जांच शिविर सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने मेडिकेट नशा, कैप्सूल, चिट्टा और पोस्त जैसे मादक पदार्थों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इनसे युवाओं का भविष्य धकारमय हो रहा है। उन्होंने सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। अंत में उपस्थित युवाओं और नागरिकों को नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन भीष्म कौशिक ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने नशा मुक्ति जागरूकता वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। ज्ञात रहे कि यह वैन गांव गांव ढाणी ढाणी जाकर आमजन को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करेगी।

