
हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों का वीडियो बनाकर शहजाद भट्टी को लोकेशन सहित भेजने का आरोप
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) हनुमानगढ़ जिले की पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क बनाए रखने और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के गंभीर आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने आज बताया कि आरोपी हनुमानगढ़ टाउन के वार्ड नंबर 45 में दशहरा ग्राउंड के पास रहने वाला क्रिश राय उर्फ शान मंडल है। पुलिस जांच में सामने आया कि क्रिश राय ने अपने मोबाइल फोन से हनुमानगढ़ टाउन और श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र की वीडियो बनाकर शहजाद भट्टी को व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर भेजी। उसने इन दोनों थानों की लोकेशन भी शेयर की। क्रिश ने आतंकी शहजाद भट्टी के साथ कई बार वार्तालाप किया और महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं। वह शहजाद भट्टी के व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम आईडी पर नियमित चैटिंग भी करता था। आरोपी ने शहजाद भट्टी द्वारा पोस्ट की गई हथियारों की तस्वीरों और अन्य फोटोज को अपने अकाउंट से सार्वजनिक रूप से शेयर किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार क्रिश राय ने इलेक्ट्रॉनिक संसूचना यानी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो किया। वह जानबूझकर उसके संपर्क में आया और अपने मोबाइल नंबर से बातचीत की। इस तरह उसने देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने का प्रयास किया। हनुमानगढ़ टाउन थाना में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हनुमानगढ़ पुलिस ने शहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाले दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। 24 मार्च को जसवंतकुमार उर्फ सोनू कुम्हार निवासी वार्ड नंबर 1 किशनपुरा दिखनादा को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 6 अप्रैल को सुनीलकुमार उर्फ धोलू नायक (29) निवासी वार्ड नंबर 54 सुरेशिया मोहल्ला को भी इसी आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
