
नोहर के भगवान गांव के पास हुआ हादसा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के नोहर थाना क्षेत्र में भगवान गांव के पास हुए सडक़ हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर नोहर थाना पुलिस ने ब्रेजा कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 14, ढाणी लालखां निवासी महेन्द्र (45) पुत्र नेतराम नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा रोहिताश 25 जून की रात करीब 8 बजे मोटर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था। उसके पीछे दूसरी मोटर साइकिल पर सीताराम पुत्र पोकरराम और पवन कुमार पुत्र कृष्ण कुमार, दोनों निवासी ढाणी लालखां, चल रहे थे। रिपोर्ट में बताया गया कि टोल नाके को पार कर भगवान गांव के पास सामने से आ रही ब्रेजा कार नंबर एचआर 20 एयू 7654 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चलाते हुए रोहिताश की मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रोहिताश गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर गया। इसी दौरान थालडक़ा की ओर से आ रहे एक थ्री-व्हीलर की टक्कर सडक़ पर खड़ी ब्रेजा कार से हो गई। घटना के बाद सीताराम और पवन ने घायल रोहिताश को संभाला और राह से गुजर रही एंबुलेंस की सहायता से उसे पहले राजकीय अस्पताल नोहर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर उसे राजकीय अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। नोहर थाना पुलिस ने महेन्द्र की रिपोर्ट के आधार पर ब्रेजा कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक छोटूराम को सौंपी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
