
वॉलीबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला प्रतिफल
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) खुशालदास विश्वविद्यालय के डी.लिस. (सत्र 2025-26) के छात्र संदीप चौधरी का ऑयल इंडिया लिमिटेड, जोधपुर में चयन होने पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। संदीप चौधरी, गजराज सिंह के पुत्र हैं तथा भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी, पोस्ट-कोटरी भादो की के निवासी हैं। उन्होंने 12 जून को ऑयल इंडिया लिमिटेड, जोधपुर में अपनी सेवाएं ग्रहण कीं। संदीप चौधरी ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं निरंतर कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता के पीछे विश्वविद्यालय के वॉलीबॉल कोच हरिंद्र सिंह का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन रहा है। वॉलीबॉल खिलाड़ी के रूप में संदीप ने अंडर-19 स्कूल नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता, यूथ नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता, सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल चैम्पियनशिप तथा वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक भी जीता। गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने संदीप चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय, उनके परिवार एवं पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि संदीप का समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि संदीप की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण मिले तो वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती है। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अभिषेक संचोरा ने कहा कि संदीप चौधरी ने सिद्ध कर दिया है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि उज्ज्वल करियर का भी मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
