
पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप, चौकी प्रभारी लाइन हाजिर होने के बाद समाप्त हुआ धरना
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) गोलूवाला थाना क्षेत्र के सिंहपुरा स्थित पैरी ईंट भट्ठे पर हुए विवाद में घायल एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर गोलूवाला थाना पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ हत्या, एससीएसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने कैंचियां चौकी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गोलूवाला अस्पताल में धरना लगाते हुए पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी मीनाक्षी मौके पर पहुंचीं और थाना प्रभारी तेजवंत सिंह से घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई बृजेन्द्र पुत्र ज्ञान सिंह निवासी दासीपुर, इटावा (उत्तर प्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया कि वह सिंहपुरा स्थित कुलडिय़ा पारस ईंट भट्ठे पर परिवार सहित मजदूरी करता है, जबकि उसका बड़ा भाई नरेन्द्र सिंह पास के पैरी ईंट भट्ठे पर कार्यरत था। नरेन्द्र की पत्नी का निधन हो चुका है और उसकी तीन बेटियां हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 25 जून की रात नरेन्द्र की विवाहित बेटी मधु, उसी भट्ठे पर कार्यरत राकेश पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल निवासी गोविंदगढ़ (अबोहर) के पारिवारिक क्वार्टर में चली गई। आरोप है कि इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी गई। अगले दिन सुबह मधु को वापस लाने के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। परिवादी के अनुसार, सुबह करीब 10.40 बजे राकेश, जसवीर सिंह, अशोक कुमार, मोहनलाल, अजय कुमार, कालूराम, निकाराम सहित अन्य लोगों ने नरेन्द्र और उसके परिवार पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में नरेन्द्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे भट्ठे के जमादार रामसिंह पुत्र मन्नीलाल के पैर में भी चोट लगी। रिपोर्ट में बताया गया कि घटना के बाद स्थानीय चिकित्सक से नरेन्द्र का उपचार कराया गया। शाम करीब चार बजे वह मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था। इसी दौरान कैंचियां पेट्रोल पंप के पास सिर की चोट के कारण वह गिर पड़ा। उसे 108 एम्बुलेंस से गोलूवाला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बृजेन्द्र की रिपोर्ट पर राकेश सहित 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ वृत हनुमानगढ़ मीनाक्षी को सौंपी गई है। सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि मामले में आठ लोगों को डिटेन किया गया है तथा मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
चौकी पुलिस पर आरोप, लगाया धरनाशनिवार सुबह मृतक नरेन्द्र के परिजन बड़ी संख्या में गोलूवाला के अस्पताल पहुंचे और कैंचियां चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से घायल नरेन्द्र को उपचार के बजाय तीन से चार घंटे तक चौकी में बैठाए रखा गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। इससे नाराज मृतक के परिजनों ने गोलूवाला राजकीय अस्पताल में धरना लगा दिया। उन्होंने कैंचियां चौकी प्रभारी लाल बहादुर चन्द्र पर कार्रवाई की मांग की। जब तक कार्रवाई नहीं होती तब तक धरना नहीं उठाने की चेतावनी दी। इसके चलते अस्पताल में पुलिस बल तैनात रहा।चौकी प्रभारी को हटाया तो मानेदोपहर बाद तक चला धरना मांगें माने जाने पर समाप्त कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर कैंचियां चौकी प्रभारी लाल बहादुर चन्द्र को चौकी से हटाकर लाइन में भेज दिया। इसके बाद मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम हुआ। हालांकि एसआई लाल बहादुर चन्द्र ने इन आरोपों से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मृतक नरेन्द्र स्वयं चलकर चौकी आया था और बाद में अपनी बेटी को लेकर चला गया। चौकी प्रभारी के अनुसार, उन्होंने उपचार कराने की सलाह भी दी थी, लेकिन नरेन्द्र ने बताया कि वह पहले ही इलाज करवा चुका है और इसके बाद वहां से चला गया था। कैंचियां चौकी प्रभारी इस मामले को लेकर एसपी से भी मिले थे और उन्हें मामले से अवगत करवाया था।
