
60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी होंगे सम्मानित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) खुशालदास यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में 30 जून को सुबह 9 बजे नोहर में ‘गौरवोत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सद्भाव क्लब के सहयोग से किया जा रहा है। समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है। खुशाल दास यूनिवर्सिटी एवं गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल पिछले पांच वर्षांे से लगातार हनुमानगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और गुरुजनों को इस समारोह के माध्यम से सम्मानित करते आ रहे हैं। समारोह के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण जारी है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पंजीकरण करवा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरणादायक पहल भी है। गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और सफलता के लिए सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम प्रभारी योगेंद्र स्वामी ने बताया कि समारोह में सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के कक्षा 12वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सम्मानित होने के इच्छुक विद्यार्थी कार्यक्रम स्थल पर भी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
