
दुकानदारों ने शहरी सेवा शिविर में आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित चूना फाटक क्षेत्र में लंबे समय से सुलभ शौचालय नहीं होने से स्थानीय दुकानदारों और प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल के नेतृत्व में क्षेत्र के दुकानदार शहरी सेवा शिविर पहुंचे और नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुलभ शौचालय का निर्माण करवाने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बताया कि चूना फाटक शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां कई दुकानें संचालित होती हैं। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों के लिए प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। इतनी अधिक आवाजाही के बावजूद यहां सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बुजुर्गांे और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों पर पड़ता है, जिन्हें आवश्यकता पडऩे पर इधर-उधर भटकना पड़ता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की मांग कोई नई नहीं है। पूर्व में भी दुकानदारों और सामाजिक संगठनों की ओर से जिला प्रशासन एवं नगर परिषद को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। बहल ने बताया कि कुछ दिन पहले जिला कलक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर मांग की गई थी कि तिलक सर्किल पर प्रस्तावित सुलभ शौचालय को चूना फाटक क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए, क्योंकि यहां इसकी वास्तविक आवश्यकता है। उनका कहना था कि चूना फाटक पर शौचालय बनने से स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन बावजूद इसके नगर परिषद प्रशासन की ओर से तिलक सर्किल के पास ही सुलभ शौचालय का निर्माण करवा दिया गया।जहां आवश्यकता, वहां नहीं निर्माणसुशील बहल ने कहा कि हाल ही में जंक्शन के तिलक सर्किल के नजदीक स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल के पास सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया है, लेकिन वहां इसका उपयोग मुख्य रूप से वर्ष में कुछ अवसरों पर होने वाली परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों तक ही सीमित रहेगा। इसके विपरीत चूना फाटक ऐसा स्थान है, जहां पूरे वर्ष प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में नगर परिषद को प्राथमिकता के आधार पर इस क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाना चाहिए। दुकानदारों ने कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष दोबारा अपनी मांग उठाएंगे। उन्होंने नगर परिषद से जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चूना फाटक क्षेत्र में शीघ्र सुलभ शौचालय निर्माण की कार्रवाई शुरू करने की मांग की। इस मौके पर शिवकरण सिंह, बलदेव शर्मा, बलराज सिंह, विजय सचदेवा, वीरेंद्र सिंह, रोहित, करनैल सिंह, प्रभुराम, मनदीप, मंगतराम, संजीव कुमार मौजूद थे।
