
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने पीलीबंगा में किया औचक निरीक्षण, जिलेभर में दो घंटे चली सघन चेकिंग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर शनिवार रात 8 से 10 बजे तक पूरे जिले में विशेष ‘ए’ श्रेणी (ए-कैटेगरी) की नाकाबंदी की गई। इस दौरान सभी वृत्ताधिकारी (सीओ) और थानाधिकारी (एसएचओ) स्वयं नाकाबंदी स्थलों पर मौजूद रहे तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के तहत जिले के प्रमुख चौराहों, अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं तथा संवेदनशील मार्गांे पर पुलिस टीमों ने नाके लगाकर वाहनों की जांच की। नाकाबंदी की प्रभावशीलता का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना स्वयं पीलीबंगा पहुंचे और वहां औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। विशेष अभियान के दौरान बिना नंबर के वाहन, काली फिल्म लगी कारें, संदिग्ध दुपहिया वाहन तथा अन्य संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की। मादक पदार्थांे की तस्करी, अवैध हथियारों की आवाजाही तथा नकदी की अवैध हेराफेरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से वाहनों के डैशबोर्ड, डिग्गी और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही ‘वाहन एप’ के माध्यम से संदिग्ध वाहनों के चेसिस और पंजीकरण नंबरों का मौके पर ही सत्यापन किया गया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि हनुमानगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बनाए रखने के लिए इस प्रकार की औचक नाकाबंदी एवं विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
