
दिव्यांग मित्रों को जोड़ने पर बल तथा वक्ताओं ने साझा किए सफलता के प्रेरक अनुभव
श्रीगंगानगर(भटनेर एक्सप्रेस) सभी 21 प्रकार की दिव्यांगता के क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलम्बन एवं सामाजिक विकास के लिए कार्यरत राष्ट्रीय संगठन ‘सक्षम’ (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल) की जिला इकाई द्वारा रविवार को तपोवन ट्रस्ट परिसर में संगठन का स्थापना दिवस मनाया गया। प्रतिवर्ष 20 से 28 जून के मध्य मनाए जाने वाले स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष मुख्य चर्चा दिव्यांगजनों के रोजगार तथा आर्थिक स्वावलम्बन पर केंद्रित रही। इस दौरान समाज के विभिन्न व्यावसायिक संगठनों तथा उद्योगपतियों ने दिव्यांगजनों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने एवं काम के समान अवसर प्रदान करने का विश्वास दिलाया।मुख्य वक्ता राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद् सदस्य एवं राष्ट्रीय क्रीड़ा आयाम प्रमुख डी. के. सिंह ने सक्षम की स्थापना, उसके उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा संगठन की ‘दिव्यांग मित्र योजना’ पर प्रकाश डालते हुए दिव्यांग मित्रों को जोड़ने पर बल दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पेड़ीवाल ने दिव्यांग स्वावलम्बन के विषय पर चर्चा करते हुए उपस्थित उद्योगपतियों से दिव्यांगजनों को उद्योगों में भागीदारी के अवसर देने का आह्वान किया।

जोधपुर प्रांत अध्यक्ष गुरमीत सिंह महल एवं जिला अध्यक्ष देवेन्द्र मित्तल ने स्वयं दिव्यांगता की श्रेणी में होने के बावजूद समाज व व्यापार जगत में एक प्रतिष्ठित मुकाम हासिल करने के अपने प्रेरक अनुभव साझा किए तथा सफल आयोजन पर सबका धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों, सदस्यों व गणमान्य व्यक्तियों ने सक्षम संगठन के ध्येय वाक्यों ‘दिव्यांग सेवा दिव्य सेवा’, ‘जीते-जीते रक्तदान और जाते-जाते नेत्रदान’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।इस अवसर पर विभाग प्रचारक डॉ. अशोक विजय, संयुक्त व्यापार मण्डल के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन रीको के अध्यक्ष सत्य प्रकाश खेमका, लघु उद्योग भारती के प्रान्त सचिव रतन गणेशगढिय़ा, जिला संरक्षक कुम्भा राम, सक्षम के जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश बवेजा, जिला सचिव विनोद कुमार सहारण सहित समस्त आयामों व प्रकोष्ठों के प्रमुख तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
