
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, ऑपरेशन थियेटर प्रोटोकॉल एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के हनुमानगढ़ जिला प्रभारी डॉ. पवन कुमार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने शनिवार सायं उपजिला अस्पताल नोहर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ. हंसराज शर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डॉ. पवन कुमार एवं डॉ. नवनीत शर्मा ने ऑपरेशन थियेटर (ओटी) की कार्यप्रणाली एवं निर्धारित प्रोटोकॉल की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की प्रयोगशाला (लैब), विभिन्न वार्डों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता, दवा वितरण एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

उन्होंने वार्ड में उपचार ले रही मरीजों की कुशलक्षेम पूछी तथा मिल रहे उपचार के बारे में जानकारी ली। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि इस दौरान अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा राज्य सरकार एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। डॉ. नवनीत शर्मा ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उपचार एवं जांच सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

