
29 जून से 5 जुलाई तक जाट भवन में पूज्य आचार्य देवीदान जी गौश्री सुनाएंगे श्रीमद्भागवत कथा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)जंक्शन स्थित जाट भवन में 29 जून से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में परम पूज्य आचार्य श्री देवीदान जी गौश्री अपने श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में शामिल होकर धर्म, भक्ति और संस्कारों के इस पावन महोत्सव का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार, 29 जून को प्रातः 8:15 बजे भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नव दुर्गा मंदिर, नई धान मंडी से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जाट भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचेगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। श्रद्धालु भगवान के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक ध्वजों के साथ नगर में भक्तिमय वातावरण का संचार करेंगे।आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति, सदाचार एवं मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर आधारित प्रवचन होंगे। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, छाया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि सभी श्रद्धालु सहजता से कथा श्रवण कर सकें।समिति ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें तथा अपने परिवार और समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार में सहभागी बनें। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।
