
संगरिया में न:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने तथा रोगमुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के सौजन्य से भारत विकास परिषद के तत्वावधान में रविवार को करणी माता मंदिर के पास स्थित पंचायती धर्मशाला में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 250 से अधिक मरीजों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं प्राकृतिक उपचार सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर का शुभारंभ श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल, अध्यक्ष धर्मेन्द्र अरोड़ा, सचिव राजेंद्र सैन, कोषाध्यक्ष कुलविंद्र सिंह, शाखा संयोजक अमित बाघला, अपैक्स वुमन क्लब की राष्ट्रीय निदेशक नीलम सोनी, अग्रवाल महिला मंडल की सुमन अग्रवाल, बार संघ अध्यक्ष नवीन सेठी, डॉ. राकेश सहारण ने किया। शिविर में डॉ. राकेश एवं डॉ. मांगीलाल सुथार ने मरीजों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कर आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार संबंधी परामर्श प्रदान किया। इस दौरान किडनी एवं लीवर रोग, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों का दर्द, रीढ़ की समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल-4 एवं एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी सहित अन्य दीर्घकालिक एवं जीवनशैली जनित रोगों के संबंध में विशेषज्ञ सलाह दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली है, जो व्यक्ति को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि अनियमित खान-पान, तनावपूर्ण जीवनशैली एवं शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण अनेक रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को अपनी दिनचर्या एवं जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाकर स्वास्थ्य के प्रति सजग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान एवं बढ़ते मानसिक तनाव के कारण लोग अनेक गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति लोगों को स्वस्थ, संतुलित एवं रोगमुक्त जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क चिकित्सा शिविर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। शिविर प्रभारी अनिल जांदू ने बताया कि शिविर के दौरान 96 यूनिट रक्तदान संग्रहित किया गया। शिविर के संचालन में कार्यकारी विकास भादू, औषधि विशेषज्ञ राजकुमार, पूजा गौड़, कमलेश, रवि कुमार, वंदना, स्नेहा, सपना, पिंकी, रेणुका, वसुंधरा, प्रियंका, पंकज, निकिता सहित नर्सिंग एवं आयुष पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों तथा वाग्भट टीम के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
———————
