
विधायक ने किया अभियान का शुभारंभ
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ खुंजा स्थित जनता क्लीनिक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया, जहां विधायक गणेश राज बंसल, भाजपा नेता अमित सहू, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत कराई। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में 1276 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 973 ग्रामीण एवं 303 शहरी बूथ शामिल हैं। इस अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2 लाख 53 हजार 444 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 5104 वैक्सीनेटर तथा 246 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन सभी बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। अभियान के दौरान घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों पर भी विशेष फोकस रखा गया है। इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
