
नाजिया इलाही खान के कथित विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नाजिया इलाही खान के कथित विवादित बयान के विरोध में सोमवार को मुस्लिम समाज के नागरिकों ने खुंजा कब्रिस्तान से जिला कलक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। बड़ी संख्या में समाज के नागरिक हाथों में तख्तियां लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पीर लुकमान शाह, काले खान, पूर्व पार्षद अब्दुल हाफिज व इस्ताक भाटी ने बताया कि उन्होंने 27 जून को एक यूट्यूब पॉडकास्ट देखा, जिसमें नाजिया इलाही खान की ओर से इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब एवं उनकी पत्नी हजरत आयशा के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणियां की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणियों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया है। समाज के नागरिकों ने आरोप लगाया कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के लिए उचित नहीं हैं और इनसे धार्मिक भावनाएं भडक़ सकती हैं। सभी धर्मांे और उनके पूज्य व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाना चाहिए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म, महापुरुष या धार्मिक मान्यताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म विशेष की भावनाओं को आहत करने का प्रयास न करे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस मौके पर वारिस खान, इस्ताक भाटी, आजम खान, इकबाल, वली मोहम्मद, कारी रफीक, दादू खां, कारी खान, रहमत अली, नाजिम शाह, सुभान खां, बाले खां सहित मुस्लिम समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।
