
सिटीजन पार्क के पास जर्जर सडक़ से बढ़ रहा हादसों का खतरा, शीघ्र कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन के वार्ड संख्या 51 में पिछले करीब एक वर्ष से अधूरे पड़े विकास कार्यांे और जर्जर सडक़ की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल के नेतृत्व में वार्डवासियों ने सोमवार को नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। ज्ञापन में वार्डवासियों ने हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए अधूरे निर्माण कार्यांे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया। सुशील बहल के अनुसार, वार्ड संख्या 51 में वाशिंग लाइन के साथ नगर परिषद की ओर से शुरू किया गया इंटरलॉकिंग का कार्य करीब एक वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य बीच में रुक जाने के कारण क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कार्य पूरा नहीं कराया गया। इसके अलावा सिटीजन पार्क के समीप स्थित सडक़ भी लंबे समय से बदहाल अवस्था में है। सडक़ की कंक्रीट उखड़ चुकी है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। खराब सडक़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

सडक़ की मरम्मत नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल के अनुसार इन दोनों समस्याओं को लेकर पूर्व में भी नगर परिषद को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विकास कार्य अधूरे रहने से आमजन में नाराजगी बढ़ रही है और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने नगर परिषद आयुक्त से मांग की है कि वार्ड संख्या 51 में अधूरी पड़ी इंटरलॉकिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा सिटीजन पार्क के पास क्षतिग्रस्त सडक़ का पुनर्निर्माण कराकर आमजन को राहत प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने इन दोनों कार्यांे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की, ताकि वार्डवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निजात मिल सके। इस मौके पर पवन कुमार, हेमन्त कुमार, गुरमन्द्र सिंह, शिवकरण सिंह, जावेद खां, गगन कुमार, अरुण कुमार, अनिल सचदेवा मौजूद रहे।
